जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शराब के नशे में एक बेटे ने अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मां को बचाने पहुंची बहन पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
खाना नहीं मिलने पर मां से हुआ विवाद
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली की है। जानकारी के मुताबिक, 7 नवंबर की रात आरोपी रोशन दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद घर पहुंचा और मां वेनेदिक्ता कुजूर से खाना मांगा। खाना नहीं मिलने पर विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आरोपी ने चूल्हे के पास रखे अधजले लकड़ी के डंडे से मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार कर दिए। बीच-बचाव करने आई बहन को भी उसने पीट दिया।

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
घायल महिला को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां 8 नवंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पति की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने 9 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने शराब पीने और खाना नहीं मिलने पर मां से विवाद की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अधजला लकड़ी का डंडा भी जब्त किया गया। एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

