जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के ग्राम पोंगरो में सरगुजा संभाग की पहली हाइड्रो पावर पंपिंग सिंचाई परियोजना तैयार की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घुघरी नदी पर बनी इस योजना का अवलोकन कर इसे किसानों के लिए उपयोगी नवाचार बताया।
नदी के बहाव से खेतों तक पहुंचेगा पानी
इस तकनीक में नदी के बहते पानी से टरबाइन चलाकर खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जाएगा। इससे किसानों को बिजली, डीजल और पेट्रोल पर खर्च नहीं करना पड़ेगा। योजना शून्य कार्बन उत्सर्जन पर आधारित है।
135 किसान परिवारों को मिलेगा लाभ
करीब 2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से बनी इस परियोजना से 80 एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई होगी और लगभग 135 किसान परिवार लाभान्वित होंगे। इससे रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों को फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मॉडल को भविष्य में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी लागू करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।

