देशव्यापी ड्राइवर हड़ताल का असर, निजी स्कूलों में रह सकती है छुट्टी…

देशव्यापी ड्राइवर हड़ताल का असर, निजी स्कूलों में रह सकती है छुट्टी…

रायपुर। दीपावली की छुट्टियां खत्म होने के बाद भी छत्तीसगढ़ के कई निजी स्कूलों में 12 नवंबर को पढ़ाई शुरू नहीं हो पाएगी। इसकी वजह देशभर में होने वाली वाहन चालकों की हड़ताल है। बसों के नहीं चलने की स्थिति को देखते हुए कई स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को छुट्टी की सूचना भेजनी शुरू कर दी है।

ड्राइवरों के आंदोलन से बस सेवा प्रभावित

अखिल भारतीय ड्राइवर जॉइंट कमेटी ने अपनी मांगों को लेकर 12 नवंबर को ‘स्टेयरिंग छोड़ो अभियान’ के तहत हड़ताल बुलाई है। इसमें बस, ट्रक सहित अलग-अलग वाहनों के चालक शामिल होंगे। ऐसे में स्कूल बसों का संचालन भी ठप रहने की संभावना है।

रायपुर में 926 निजी स्कूल

प्रदेश में दीपावली की छुट्टी 11 नवंबर तक है। 12 नवंबर से सरकारी स्कूल खुल जाएंगे, लेकिन निजी स्कूलों में बस सुविधा प्रभावित होने के कारण पढ़ाई पर असर पड़ेगा। रायपुर में 926 निजी स्कूलों के लिए करीब एक हजार बसें चलती हैं, जबकि पूरे प्रदेश में इनकी संख्या लगभग 8 हजार है। जिन छोटे स्कूलों में बस सुविधा नहीं है, वे खुले रह सकते हैं। वहीं मध्यम और बड़े स्कूलों में छुट्टी रहने की संभावना है।

Education छत्तीसगढ़