गरियाबंद। जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर उन्हें निशाना बनाते हुए अभद्र बातें लिखी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने देवभोग थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पहले घर के आसपास संदिग्ध गतिविधि
अध्यक्ष के मुताबिक, 22 अक्टूबर को आर्टिगा कार से पहुंचे कुछ संदिग्ध लोग उनके घर के आसपास घूमते नजर आए थे। उनके पिता को देखते ही कार सवार वहां से निकल गए। इस घटना की जानकारी पुलिस को देकर सीसीटीवी जांचने की मांग की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। इसके बाद उन्होंने एसपी से भी इस संबंध में बात की थी।

इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी धमकी
हाल ही में भाजपा के एक कार्यक्रम में दिए गए भाषण का वीडियो अध्यक्ष ने इंस्टाग्राम पर साझा किया था। इसी पोस्ट पर ‘राठौर उग्रसेन’ नाम की आईडी से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं और देवभोग में आकर मारने की धमकी दी गई।
देवभोग थाना प्रभारी दिलीप मेश्राम ने बताया कि शिकायत मिल चुकी है। वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर मामले की जांच साइबर सेल से कराई जाएगी।

