रायपुर। छत्तीसगढ़ में दीपावली के पांच दिनों में शराब की रिकॉर्ड बिक्री हुई। आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 5 से 9 नवंबर 2026 के बीच प्रदेश में 546 करोड़ 7 लाख रुपये से अधिक की शराब बिकी। यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले करीब 38 करोड़ रुपये ज्यादा है। इस बार बिक्री में लगभग 7.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की ई।
7 नवंबर को सबसे ज्यादा हुई बिक्री
पांच दिनों के दौरान 7 नवंबर को सबसे ज्यादा 124.27 करोड़ रुपये की शराब बिकी। वहीं 8 नवंबर को 119.10 करोड़ और 9 नवंबर को 115.13 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। शुरुआती दो दिनों में बिक्री क्रमशः 89.80 करोड़ और 97.75 करोड़ रुपये रही।
देसी से ज्यादा विदेशी शराब की मांग
बिक्री के आंकड़ों में विदेशी शराब की मांग ज्यादा रही। पांच दिनों में देसी शराब की करीब 195.55 करोड़ रुपये की बिक्री हुई, जबकि विदेशी शराब, स्पिरिट और माल्ट श्रेणी में लगभग 350.52 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया।
पिछले साल से 38 करोड़ रुपये अधिक बिक्री
पिछले साल दीपावली के पांच दिनों में करीब 507.97 करोड़ रुपये की शराब बिकी थी। इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 546.07 करोड़ रुपये पहुंच गया। शराब बिक्री में इस बढ़ोतरी से सरकार को आबकारी राजस्व का फायदा हुआ है, हालांकि त्योहार के दौरान बढ़ती शराब खपत को लेकर सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी सामने आ रही हैं।

