रायपुर। विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए रायपुर के निमोरा स्थित ठाकुर प्यारेलाल सिंह राज्य ग्रामीण विकास संस्थान में तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा कार्यशाला शुरू हुई। 12 से 14 नवंबर तक आयोजित इस कार्यशाला में प्रदेश के सभी 33 जिलों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे।
आयुक्त वीबी–जी राम जी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों के चयन में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने तथा जलवायु अनुकूल कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
375 प्रकार के कार्यों की दी गई जानकारी
कार्यशाला में आजीविका डबरी, कंटूर ट्रेंच, बालिका शौचालय और मुक्तिधाम शेड जैसे कार्यों को बढ़ावा देने की जानकारी दी गई। भारत सरकार के विशेषज्ञों ने विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार करने का मार्गदर्शन दिया। साथ ही अधिकारियों को 375 प्रकार के अनुमेय कार्यों की सूची और तकनीकी मार्गदर्शिका वितरित की गई।
प्रशिक्षण में योजना के प्रावधानों, तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं और बेहतर निगरानी पर चर्चा होगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और विकास कार्यों को गति मिल सके।

