कबीरधाम। जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की पहल पर 24 से 29 नवंबर 2026 तक छह दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी, नेत्र जांच और बच्चों की हृदय जांच की सुविधा मिलेगी।
इन 6 स्वास्थ्य केंद्रों में लगेंगे शिविर
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 24 नवंबर को सहसपुर लोहारा, 25 नवंबर को पिपरिया, 26 नवंबर को बोड़ला, 27 नवंबर को कुकदूर, 28 नवंबर को तरेगांव और 29 नवंबर को रेंगाखार स्वास्थ्य केंद्र में शिविर आयोजित होंगे। कुकदूर, तरेगांव और रेंगाखार में सोनोग्राफी, नेत्र जांच के साथ हृदय जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
18 साल तक के बच्चों की होगी मुफ्त हार्ट जांच
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम चिरायु के तहत जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों की जन्मजात हृदय रोगों की जांच की जाएगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा आवश्यकतानुसार ईको जांच और परामर्श दिया जाएगा। गंभीर मामलों में बच्चों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाएगा। इस कार्य में सत्य साईं अस्पताल का सहयोग लिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं, बच्चों के अभिभावकों और ग्रामीणों से अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर इन निःशुल्क जांच सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

