रायपुर। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी, जो 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। जांजगीर-चांपा जिले के 134 खरीदी केंद्रों में 1 लाख 28 हजार 719 पंजीकृत किसानों से धान खरीदा जाएगा। इस साल जिले में 5 नए खरीदी केंद्र भी शुरू किए गए हैं।
किसानों को मिलेगी आदान सहायता
कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता मिलेगी। 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी सत्यापित बोए गए रकबे के आधार पर इसका लाभ मिलेगा।
घर बैठे मिलेगा टोकन
किसान ‘तुहर टोकन’ एप से 70 प्रतिशत टोकन घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे, जबकि 30 प्रतिशत टोकन खरीदी केंद्रों से जारी होंगे।
CCTV से होगी निगरानी
सभी 134 केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। अवैध धान की आवक रोकने तीन स्थानों पर चेकपोस्ट बनाए जाएंगे। खरीदी केंद्रों पर जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है।
धान खरीदी से जुड़ी शिकायत के लिए जिला कंट्रोल रूम नंबर 07817-222032 जारी किया गया है।

