कोरबा। बालको प्लांट में कॉपर केबल चोरी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दो युवक करीब 49 किलो तांबे का तार शरीर पर लपेटकर प्लांट से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सिक्योरिटी गार्ड की नजर से बच नहीं पाए।
शरीर पर लपेटा तांबा
आरोपियों ने केबल का प्लास्टिक कवर छीलकर तांबे के तार को कमर से लेकर छाती तक शरीर पर लपेट लिया था, ताकि किसी को शक न हो। जब दोनों प्रोजेक्ट गेट से बाहर निकल रहे थे, तो गार्डों को उनकी चाल पर शक हुआ। तलाशी लेने पर चोरी का खुलासा हो गया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों की पहचान भीम मल्लाह (23) और नरेश कंवर (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने कटर, हेक्सा ब्लेड और चोरी का कॉपर केबल जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।


