जशपुर। वित्त मंत्री एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने जशपुर प्रवास के दौरान भगवान बिरसा मुंडा चौक पहुंचकर धरती आबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
जल, जंगल और जमीन की लड़ाई को किया याद
इस दौरान ओपी चौधरी ने बिरसा मुंडा के अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष, जनजातीय समाज को संगठित करने और जल, जंगल, जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए किए गए ऐतिहासिक आंदोलन को याद किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और साहस के प्रतीक हैं। उनके विचार आज भी समाज को एकता और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं।
जनजातीय समाज के विकास को सच्ची श्रद्धांजलि बताया
मंत्री ने कहा कि बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलते हुए जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में विधायक रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

