बेमेतरा| बेमेतरा के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में संविदा शिक्षकों ने प्राचार्य और एक शिक्षक के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना व कथित अवैध वसूली की शिकायत की है। सीआर खराब करने की धमकी देकर 10 हजार रुपये मांगने और नौकरी से निकलवाने का दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं।
सीआर खराब करने की धमकी देकर वसूली का आरोप
शिकायत के अनुसार, विद्यालय के प्राचार्य गेंदलाल चतुर्वेदी और शिक्षक भारत लाल कश्यप के खिलाफ संविदा शिक्षकों ने आरोप लगाया है कि गोपनीय चरित्रावली (सीआर) खराब करने का डर दिखाकर पैसों की मांग की जा रही है। साथ ही, भविष्य में नौकरी से हटवाने की धमकी देने का भी आरोप है।
महिला कर्मचारियों को प्रताड़ित करने की शिकायत
शिक्षकों ने महिला कर्मचारियों को मानसिक रूप से परेशान करने और मातृत्व अवकाश के नाम पर भी पैसों की मांग किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कथित दबाव के चलते स्कूल में भय का माहौल बना हुआ है, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश
संविदा शिक्षकों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और नौकरी की सुरक्षा की मांग की है। शिकायत के बाद कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

