रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में प्रदेश को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं।
दो श्रेणियों में राज्य को सम्मान
छत्तीसगढ़ ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज में दूसरा स्थान हासिल किया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों पुरस्कार ग्रहण किए।
तीन नगरीय निकायों ने भी मारी बाजी
डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बड़े बचेली को प्रथम, दंतेवाड़ा को द्वितीय और बिलासपुर नगर निगम को द्वितीय स्थान मिला।
सीएम ने बताया गौरव का विषय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। सरकार का लक्ष्य पथ विक्रेताओं को आर्थिक मजबूती और सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना है।

