रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से मुंबई जा रही फ्लाइट में यात्रियों को उस वक्त खास सरप्राइज मिला, जब मशहूर गायक सोनू निगम ने आसमान में ही अपनी आवाज का जादू बिखेर दिया। अचानक हुए इस लाइव म्यूजिकल सेशन ने यात्रियों का सफर यादगार बना दिया।
यात्रियों की फरमाइश पर गाए लोकप्रिय गाने
फ्लाइट में सफर कर रहे सोनू निगम ने यात्रियों की फरमाइश पर अपने लोकप्रिय गाने ‘हर घड़ी बदल रही है जिंदगी’ और ‘बिजुरिया’ सुनाए। उनकी सुरीली आवाज सुनकर यात्री उत्साहित हो उठे और साथ में गुनगुनाते नजर आए। इस खास पल का वीडियो यात्रियों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रायपुर में कॉन्सर्ट के बाद लौट रहे थे मुंबई
दरअसल, सोनू निगम रायपुर एम्स के ओरियाना फेस्ट में लाइव परफॉर्मेंस देने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद वह फ्लाइट से मुंबई लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने साथी यात्रियों को अपनी गायकी का शानदार तोहफा दिया।

