पटना। पटना AIIMS के पूर्व जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. सतन कुमार पर 28 वर्षीय युवती ने दुष्कर्म, धोखाधड़ी और जान से मारने की कोशिश के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि डॉक्टर ने शादी का भरोसा देकर दिसंबर 2022 से नवंबर 2025 तक उसका शारीरिक शोषण किया। इस दौरान गर्भवती होने पर गर्भपात भी कराया और बाद में शादी से इनकार कर दिया।
नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म का आरोप
युवती के मुताबिक, हाथ की कलाई जलने के इलाज के दौरान AIIMS में उसकी मुलाकात डॉक्टर से हुई थी। आरोप है कि दिसंबर 2022 में डॉक्टर ने उसे हॉस्टल के कमरे में बुलाकर नशीला पदार्थ दिया और बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया। इसके बाद शादी का वादा कर शिकायत करने से रोक लिया।
मारपीट और जान से मारने की कोशिश का दावा
पीड़िता ने डॉ. दिव्या सोलंकी नाम की महिला पर घर पहुंचकर धमकी देने और डॉक्टर के साथ मिलकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। युवती का यह भी दावा है कि 26 अक्टूबर 2026 को दानापुर कैंट के पास डॉक्टर ने स्कूटी से टक्कर मारकर उसे कुचलने की कोशिश की।
पुलिस ने शुरू की जांच
AIIMS प्रबंधन के मुताबिक, संबंधित डॉक्टर का तबादला जहानाबाद के एक अस्पताल में हो चुका है। फुलवारीशरीफ थानाध्यक्ष गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि युवती की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है।

