रायपुर। धरसींवा क्षेत्र के ग्राम बंगोली स्थित 115 साल पुराने पेंड्रावन जलाशय के संरक्षण की मांग तेज हो गई है। जलाशय को बचाने के लिए विधायक अनुज शर्मा किसान संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिले और इसके संरक्षण को लेकर चर्चा की।
किसानों की सिंचाई और पेयजल का बड़ा सहारा
विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि पेंड्रावन जलाशय क्षेत्र की खेती, भू-जल स्तर और हजारों किसान परिवारों की आजीविका से जुड़ा है। इसके प्रभावित होने से सिंचाई के साथ ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट भी खड़ा हो सकता है। उन्होंने जलाशय के संरक्षण के लिए जल्द समाधान निकालने की मांग की।
सीएम ने दिया सकारात्मक निर्णय का भरोसा
किसान संघर्ष समिति के सदस्यों ने भी जलाशय से जुड़ी जमीनी समस्याएं और किसानों की चिंता मुख्यमंत्री के सामने रखी। सीएम विष्णु देव साय ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए किसानों की चिंता को जायज बताया और जलाशय के संरक्षण को लेकर जल्द उचित एवं सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद विधायक अनुज शर्मा ने आभार जताया। बैठक से किसानों और संघर्ष समिति के सदस्यों में जलाशय के संरक्षण को लेकर उम्मीद जगी है।

