सूरजपुर। ऑनलाइन निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को सूरजपुर पुलिस ने ओडिशा के कटक जेल से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर लोगों को अधिक ब्याज का लालच देकर 26 लाख 92 हजार रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
YouTube विज्ञापन से बिछाया ठगी का जाल
आरोपी तुषार भांजों अपने साथियों के साथ YouTube पर आकर्षक विज्ञापन दिखाकर लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करता था। वह खुद को ट्रांसविजन ड्रीम मल्टीट्रेड लिमिटेड और हरित कृषि निधि लिमिटेड का CMD बताकर निवेश पर मोटे मुनाफे का भरोसा दिलाता था और इसी झांसे में लोगों से लाखों रुपये ऐंठे गए।
कटक जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तारी
आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) के एक मामले में पहले से जेल में बंद आरोपी को सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने कटक जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। पुलिस अब ठगी में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

