कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुकदुर क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। बीती रात चार हाथियों के दल ने केसमरदा गांव में घुसकर दो घरों में तोड़फोड़ की, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हाथियों के अचानक पहुंचने से लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागे।
शादी की तैयारी में रखा चावल भी बर्बाद
हाथियों ने घरों में रखे खाद्य सामान को बिखेर दिया। बुधसिंह बैगा के घर शादी की तैयारी के लिए रखी नौ बोरी चावल भी हाथियों ने बर्बाद कर दी। इससे परिवार को नुकसान उठाना पड़ा।
सप्ताहभर पहले महिला की हुई थी मौत
इस इलाके में हाथियों का खतरा पहले भी जानलेवा साबित हो चुका है। करीब एक सप्ताह पहले इसी चार हाथियों के दल ने एक महिला को कुचलकर मार डाला था। घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल में जाने से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।

