CG Weather, रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवात अकवान का असर कमजोर पड़ने के बाद बारिश का दौर लगभग थम गया है। अब प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के साथ ठंड बढ़ने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में उत्तर छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठंड
मौसम में बदलाव का सबसे ज्यादा असर उत्तरी इलाकों में देखने को मिलेगा, जहां रात के तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ सकती है। वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 24 नवंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले 24 घंटे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
जगदलपुर में दर्ज हुआ 31.6 डिग्री तापमान
सोमवार को प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गरियाबंद में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री रहा, जबकि रायपुर में 20.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

