जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से जशपुर जिले के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत जिले के बगीचा विकासखंड में पांच वृहद पुलों के निर्माण को मंजूरी मिली है। इन कार्यों के लिए राज्य शासन ने कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं।
बगीचा में इन पांच स्थानों पर बनेंगे पुल
स्वीकृत परियोजनाओं के तहत डंगरी-दरावाकोना मार्ग पर 60 मीटर, जबला-नवापारा मार्ग पर 30 मीटर, कमरीमा मंझाटोली-खपरीडीह मार्ग पर 60 मीटर, बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग पर 80 मीटर और कुहापानी-बांसधार मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल बनाए जाएंगे। इनकी कुल लंबाई 290 मीटर होगी।
ग्रामीणों को मिलेगी बारहमासी आवागमन की सुविधा
पुलों के निर्माण से बारिश के दौरान नालों के कारण रास्ता बंद होने की समस्या कम होगी। ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों को आवागमन में राहत मिलेगी। वहीं मरीजों को अस्पताल पहुंचने और किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में आसानी होगी।
इससे दूरस्थ जनजातीय गांवों का मुख्य सड़कों से संपर्क बेहतर होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापार, रोजगार व विकास गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।

