जशपुर। कोतबा-लावाकेरा मुख्य मार्ग पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से 7 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे वाहन समेत पकड़ लिया गया।
टक्कर के बाद बच्ची को दोबारा कुचला
मृत बच्ची की पहचान डोंगादरहा (पुजारी पारा) निवासी मुक्तेश्वर सिदार की बेटी सुकृता बाई के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्ची सड़क पार कर रही थी, तभी लावाकेरा से कोतबा की ओर आ रही तेज रफ्तार पिकअप (JH 01 EX 9288) ने उसे टक्कर मार दी। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय भागने की कोशिश में बच्ची को दोबारा कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
लोगों ने पीछा कर पकड़ा चालक
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पिकअप का पीछा किया और कोतबा के बैगाबहार के पास वाहन को रोक लिया। सूचना पर पहुंची कोतबा पुलिस ने पिकअप जब्त कर चालक को हिरासत में लिया। बाद में आरोपी और वाहन को पुलिस चौकी कोल्हेनझरिया (थाना तुमला) के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

