हाथियों की मौत पर हाईकोर्ट सख्त, जंगलों में बिजली के तारों को ऊंचा करने के निर्देश…

हाथियों की मौत पर हाईकोर्ट सख्त, जंगलों में बिजली के तारों को ऊंचा करने के निर्देश…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में करंट लगने से हाथियों की लगातार हो रही मौतों पर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने राज्य सरकार और बिजली विभाग को वन क्षेत्रों में बिजली लाइनों को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बिजली विभाग से शपथ पत्र भी मांगा है।

20 फीट ऊंचे करने होंगे बिजली के तार

हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार की 2020 की गाइडलाइन का पालन करने पर जोर दिया है। इसके तहत जंगलों से गुजरने वाले बिजली के तारों की ऊंचाई 20 फीट करने, जमीन के पास बिछे तारों को हटाने और ढीली बिजली लाइनों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। 11 केवी और एलटी लाइनों में कवर्ड कंडक्टर लगाने पर भी जोर दिया गया है।

कई जिलों में हो चुकी हैं हाथियों की मौतें

सरगुजा, रायगढ़, कोरबा, सूरजपुर, बलरामपुर और बिलासपुर के वन क्षेत्रों में अवैध बिजली तारों, खेतों में लगाई गई करंट वाली बाड़ और झुकी बिजली लाइनों के कारण हाथियों की मौत के मामले सामने आते रहे हैं। पिछली सुनवाई में भी कोर्ट ने इस पर चिंता जताते हुए वन विभाग के अधिकारियों से जवाब मांगा था।

सरकार ने कोर्ट को बताया कि हाथी प्रभावित गांवों में अवैध बिजली तारों और बाड़ के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। किसानों को सोलर पैनल से सिंचाई के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़