रायपुर। छत्तीसगढ़ की साय सरकार ग्रामीण महिलाओं और विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आजीविका डबरी निर्माण अभियान चला रही है। वीबी-जी राम जी योजना के तहत जल संरक्षण के साथ ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
लक्ष्य से ज्यादा डबरियों का निर्माण
पिछले वित्तीय वर्ष में 10 हजार डबरियों के लक्ष्य के मुकाबले 15 हजार का निर्माण पूरा किया गया। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष में 20 हजार के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 23 हजार से अधिक डबरियों को मंजूरी मिल चुकी है।
मछली पालन और सिंचाई से बढ़ेगी कमाई
डबरियों का निर्माण महिलाओं की निजी जमीन पर किया जा रहा है और उनके नाम पर सूचना पटल लगाया जा रहा है। इनका उपयोग मछली पालन, सिंचाई और सब्जी उत्पादन में होगा, जिससे परिवारों को अतिरिक्त आमदनी मिल सकेगी। बैगा समुदाय सहित कई जिलों के ग्रामीण परिवारों को इसका लाभ मिल रहा है।
जल संरक्षण में भी मिली उपलब्धि
अभियान से प्रदेश में जल की दृष्टि से क्रिटिकल विकासखंडों की संख्या शून्य हो गई है, जबकि सेमी-क्रिटिकल विकासखंड 21 से घटकर 19 रह गए हैं। डबरियों की जानकारी में पारदर्शिता के लिए क्यूआर कोड भी लगाए जा रहे हैं।

