CM साय ने दिखाई संवेदनशीलता, दो मासूमों के इलाज का उठाया जिम्मा…

CM साय ने दिखाई संवेदनशीलता, दो मासूमों के इलाज का उठाया जिम्मा…

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनदर्शन में दो परिवार अपने बच्चों के इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे। परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चों का उपचार नहीं हो पा रहा था। उनकी परेशानी सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

आंखों की बीमारी से जूझ रहा पार्थ

राजनांदगांव की पूर्णिमा साहू ने अपने तीन साल के बेटे पार्थ के इलाज के लिए मदद मांगी। पार्थ की आंखों में मोतियाबिंद है और डॉक्टरों ने लेंस लगाने की सलाह दी है। इलाज पर होने वाला लाखों का खर्च परिवार के लिए जुटाना मुश्किल है। मुख्यमंत्री ने बच्चे के उपचार की व्यवस्था करने को कहा।

छयांश के ऑपरेशन के लिए मिलेगी मदद

दूसरी ओर, रायपुर के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपने छह साल के बेटे छयांश को लेकर पहुंचे। बच्चे को पैरों से जुड़ी जन्मजात समस्या है और ऑपरेशन की जरूरत है। पत्नी के निधन और सीमित आमदनी के चलते अमित बेटे का इलाज नहीं करा पा रहे थे।

अधिकारियों को तत्काल सहायता के निर्देश

दोनों परिवारों की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को उपचार के लिए जरूरी मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जनदर्शन के जरिए सरकार ने जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य संबंधी सहायता पहुंचाने की पहल की है।

छत्तीसगढ़ राजनीति