बिलासपुर। बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत तेज हो गई है। राज्य सरकार द्वारा हाईकोर्ट में 4C श्रेणी में एयरपोर्ट विकसित करने के लिए फिलहाल बजट उपलब्ध नहीं होने की जानकारी देने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर सरकार से अपने फैसले पर दोबारा विचार करने की मांग की है।
समिति ने बताया बिलासपुर के साथ भेदभाव
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने भी सरकार के रुख पर नाराजगी जताई है। समिति का आरोप है कि विकास के मामले में बिलासपुर की अनदेखी की जा रही है, जबकि रायपुर में स्टेट कैपिटल रीजन के कार्यालय के लिए 502 करोड़ रुपये का टेंडर मंजूर किया गया है। समिति इस मामले में उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगी।
हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब
दरअसल, बिलासपुर के चकरभाठा एयरपोर्ट के विकास से जुड़ी जनहित याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान सरकार ने 4C श्रेणी के विस्तार के लिए फिलहाल फंड नहीं होने की बात कही थी। इस पर चीफ जस्टिस रामकृष्ण महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की खंडपीठ ने आपत्ति जताते हुए राज्य सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को एयरपोर्ट के विकास और संचालन पर अपना रुख स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं।

