किरंदुल में भूस्खलन से वन संपदा को भारी नुकसान, वन मंत्री कश्यप ने मांगी जांच रिपोर्ट…

किरंदुल में भूस्खलन से वन संपदा को भारी नुकसान, वन मंत्री कश्यप ने मांगी जांच रिपोर्ट…

जगदलपुर। बस्तर के किरंदुल स्थित डिपॉजिट-14 में हुए भीषण भूस्खलन के बाद अब वन संपदा को हुए नुकसान की जांच होगी। वन मंत्री केदार कश्यप ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र का विस्तृत आकलन करने के निर्देश दिए हैं। जांच में पेड़ों, वन्यजीवों और आरक्षित वन क्षेत्र को हुए नुकसान का पता लगाया जाएगा।

3 किलोमीटर तक फैला मलबा, वन विभाग ने दर्ज किया अपराध

भूस्खलन का मलबा वन विभाग के आरक्षित वन क्षेत्र फॉरेस्ट कंपार्टमेंट नंबर 673 तक पहुंच गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब ढाई से तीन किलोमीटर के दायरे में मलबा फैलने से जंगल को नुकसान पहुंचा है। मामले में वन विभाग ने NMDC के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

HoFF को सौंपी गई नुकसान की जांच

मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि करीब 50 सेक्टर क्षेत्र में मलबा बहने की जानकारी मिली है। हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स (HoFF) को पेड़ों और वन्यजीवों को हुए नुकसान की जांच के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NMDC अधिकारी निलंबित

इस बीच NMDC प्रबंधन ने किरंदुल कॉम्प्लेक्स में पदस्थ जनरल मैनेजर (HR) सुधांशु वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। हालांकि आदेश में निलंबन का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। फिलहाल भूस्खलन से पर्यावरण को हुए नुकसान और इसके लिए जिम्मेदारी तय होने पर सभी की नजरें टिकी हैं।

छत्तीसगढ़