जांजगीर-चांपा। रायगढ़-बिलासपुर रेल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को 27 से 30 नवंबर तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रॉबर्टसन स्टेशन पर रेल लाइनों को जोड़ने और इंटरलॉकिंग कार्य के चलते चार दिनों का ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान चार मेमू ट्रेनें रद्द रहेंगी।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
– 68737 रायगढ़-बिलासपुर मेमू : 27 से 30 नवंबर
– 68738 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू : 27 से 30 नवंबर
– 68736 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू : 28 से 29 नवंबर
– 68735 रायगढ़-बिलासपुर मेमू : 29 से 30 नवंबर
इसके अलावा 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू बिलासपुर तक ही चलेगी। वहीं 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू बिलासपुर से रवाना होगी। दोनों ट्रेनों का बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच परिचालन रद्द रहेगा।
पैसेंजर ट्रेन रहेगी विकल्प
मेमू यात्रियों के लिए 58213 टिटलागढ़-बिलासपुर पैसेंजर विकल्प रहेगी। यह ट्रेन रायगढ़ से शाम 6:10 बजे चलकर रात 9:15 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। छोटे स्टेशनों के यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को इस ब्लॉक के कारण ज्यादा परेशानी हो सकती है। रेलवे के मुताबिक, कार्य पूरा होने के बाद रेल लाइनों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

