धरसींवा। विधायक अनुज शर्मा की सेवा संवाद यात्रा के चौथे दिन निमोरा, धनेली, सांकरा और सिलतरा में ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान कई विकास कार्यों की घोषणाएं भी की गईं।
12वीं के टॉपर को मिलेगी बड़ी मदद
सांकरा में युवा संवाद के दौरान विधायक ने घोषणा की कि धरसींवा विधानसभा क्षेत्र का जो विद्यार्थी 12वीं बोर्ड परीक्षा में पूरे प्रदेश में टॉप करेगा, उसकी उच्च शिक्षा का पूरा खर्च वे स्वयं उठाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों को विधानसभा भ्रमण कराने और स्कूल लाइब्रेरी के लिए पुस्तकें देने की घोषणा की।

बिजली और स्कूल सुविधाओं पर घोषणाएं
निमोरा में बिजली की समस्या दूर करने के लिए नया सब-स्टेशन स्थापित करने की पहल की जाएगी। साथ ही बाजार चौक में हाईमास्ट लाइट लगाने की घोषणा हुई। धनेली में बालिका शौचालय का लोकार्पण किया गया, जबकि सांकरा में खेल मैदान के समतलीकरण और बालिका शौचालय निर्माण की घोषणा की गई।
विधायक ने चारों गांवों में जनचौपाल लगाकर बिजली, नाली और राशन से जुड़ी शिकायतें सुनीं तथा अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए। निमोरा में मितानिन बहनों का सम्मान भी किया गया।


