रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के दौरान अब प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के किसानों को आर्थिक लाभ से वंचित नहीं किया जाएगा। इस संबंध में राज्य सरकार ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
किसानों के खाते में दी जाएगी अंतर की राशि
मुख्यमंत्री साय ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में धान का उत्पादन एक समान नहीं होता। खेती की परिस्थितियों और उत्पादन क्षमता में अंतर को देखते हुए सरकार ने तय किया है कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि उनके बैंक खातों में दी जाएगी।
किसानों को सुविधाजनक होगी धान खरीदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य देना और धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी व सुविधाजनक बनाना है। किसानों को खरीदी के दौरान परेशानी न हो और अधिक से अधिक सुविधाएं मिलें, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और खेती को लाभकारी बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

