छत्तीसगढ़ को पूर्ण साक्षर बनाने चलेगा ‘मिशन उल्लास 100’, घर-घर होगा सर्वे

छत्तीसगढ़ को पूर्ण साक्षर बनाने चलेगा ‘मिशन उल्लास 100’, घर-घर होगा सर्वे

रायपुर। छत्तीसगढ़ को वर्ष 2026-27 तक पूर्ण साक्षर राज्य बनाने के लिए ‘मिशन उल्लास 100’ अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 15 वर्ष और उससे अधिक उम्र के असाक्षर लोगों को पढ़ना-लिखना सिखाया जाएगा। राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण ने सभी कलेक्टरों को इसके लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

15 दिसंबर तक होगी असाक्षरों की पहचान

अभियान के तहत 30 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक गांवों और वार्डों में घर-घर सर्वे कर असाक्षरों को चिन्हांकित किया जाएगा। इसमें विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी सहयोग करेंगे। ईंट भट्ठों, निर्माण स्थलों, जेलों और दूरस्थ क्षेत्रों में भी सर्वे होगा।

200 घंटे की पढ़ाई, हर शनिवार जागरूकता कार्यक्रम

चिन्हांकित लोगों का विवरण मोबाइल एप में दर्ज कर 5 से 6 लोगों के समूह में साक्षरता कक्षाएं लगाई जाएंगी। उल्लास केंद्रों में 200 घंटे का पाठ्यक्रम पूरा कराया जाएगा। स्कूलों में प्रत्येक शनिवार को नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रभात फेरी के जरिए जागरूकता फैलाई जाएगी।

दिसंबर में होगा सत्यापन

15 से 25 दिसंबर तक छूटे परिवारों का सत्यापन और ग्रामसभा में सूची का वाचन होगा। 25 से 31 दिसंबर तक 5 से 10 प्रतिशत घरों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद महापरीक्षा तक नियमित कक्षाएं चलेंगी। कलेक्टरों को अभियान की साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

छत्तीसगढ़