जगदलपुर। बस्तर की खिलाड़ी ममता पाण्डेय ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन 21वीं सीनियर विश्व पेंचक सिलाट चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। अब वे 5 से 12 दिसंबर तक उज्बेकिस्तान के ताशकंद में होने वाली प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
हेवी वेट स्पर्धा में दिखाएंगी दम
ममता सीनियर महिला हेवी वेट ओपन-2 टेंडिंग (फाइट) स्पर्धा में हिस्सा लेंगी। वर्तमान में वे बस्तर जिले के सेजस किलेपाल में व्यायाम शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। वे राष्ट्रीय खिलाड़ी होने के साथ प्रशिक्षक और निर्णायक की जिम्मेदारी भी निभा रही हैं।
राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जीते पदक
ममता अब तक राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीत चुकी हैं। हाल ही में बिलासपुर की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता और शिलांग की राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल कर उन्होंने विश्व चैंपियनशिप के लिए अपनी जगह पक्की की।
बस्तर की बेटियों को आगे बढ़ाने की पहल
खेल के साथ ममता बस्तर की अन्य प्रतिभाशाली बेटियों को भी पेंचक सिलाट से जोड़ने और उन्हें प्रशिक्षण देने का प्रयास कर रही हैं। उनका मानना है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर बस्तर की बेटियां भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।

