मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का बड़ा कदम, बाल विवाह रोकने गांव-गांव पहुंचेगा जागरूकता रथ…

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का बड़ा कदम, बाल विवाह रोकने गांव-गांव पहुंचेगा जागरूकता रथ…

रायपुर। छत्तीसगढ़ को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने 100 दिवसीय जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है। इसे रोकना परिवार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

800 से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए

पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में बाल विवाह की रोकथाम और बच्चों के अधिकारों पर चर्चा हुई। इस दौरान बाल विवाह रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया और लोगों को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने की शपथ दिलाई गई।

मंत्री राजवाड़े ने बताया कि प्रदेश में अब तक सूचना मिलने पर 800 से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए हैं। बालोद जिले की 436 ग्राम पंचायतों और 9 नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त होने का प्रमाणपत्र मिला है। वहीं सूरजपुर की 75 ग्राम पंचायतें भी बाल विवाह मुक्त घोषित की गई हैं।

2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत का लक्ष्य

मंत्री ने कहा कि गांव-गांव में पंचायतों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 भी सक्रिय है। उन्होंने लोगों से बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने और इसे रोकने में सहयोग करने की अपील की। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को बाल विवाह मुक्त बनाना है।

 

छत्तीसगढ़ राजनीति