धरसींवा। विधायक अनुज शर्मा ने सेवा संवाद यात्रा के तीसरे दिन विधानसभा क्षेत्र के 7 गांवों पठारीडीह, कन्हेरा, कुम्हारी, चिखली, बहेसर, मुरेठीं और सोन्ड्रा का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान जनचौपाल लगाकर पेयजल, बिजली, सड़क और राशन से जुड़ी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए।
बहेसर में सोलर लाइट, कई गांवों में निर्माण कार्यों की घोषणा
विधायक ने बहेसर गांव को गोद लेने के साथ पूरे गांव में मुफ्त सोलर लाइट लगाने की घोषणा की। इसके अलावा शीतला मंदिर में पेवर ब्लॉक, सामुदायिक भवन की मरम्मत और ओपन जिम बनाने की स्वीकृति दी।
पठारीडीह में फैक्ट्री के प्रदूषित पानी और कचरे की समस्या दूर करने के निर्देश दिए। कन्हेरा में बोर खनन, कुम्हारी में तालाब पचरी निर्माण, चिखली में स्कूल का अतिरिक्त कक्ष और तालाब सौंदर्यीकरण की घोषणा की। वहीं सोन्ड्रा में बोर खनन, सीसी रोड, नाली, स्कूल शेड और तीन अतिरिक्त कक्ष बनाए जाएंगे।

मितानिनों का सम्मान, विकास कार्यों का किया निरीक्षण
मितानिन दिवस पर कन्हेरा और बहेसर में स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाली मितानिन बहनों को श्रीफल, शाल और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया। विधायक ने गांवों में चल रहे निर्माण कार्यों, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
यात्रा के दौरान उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों, युवाओं, श्रमिकों और वरिष्ठ नागरिकों से भी संवाद किया। तीसरे दिन के अंतिम पड़ाव मुरेठीं में ग्रामीणों के बीच रात्रि विश्राम किया और भजन-कीर्तन में शामिल हुए। साथ ही भाजपा के शक्तिकेंद्र प्रभारियों और बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठन की आगामी योजनाओं पर चर्चा की।

