रायपुर। छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
विद्यार्थियों को बताए जाएंगे बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को मनाई जाती है, लेकिन इस साल रविवार होने के कारण स्कूलों में 14 या 16 नवंबर को कार्यक्रम होंगे। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए लेखन, वाचन और वाद-विवाद जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को बिरसा मुंडा के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और आदर्शों से परिचित कराना है। विभाग ने कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्कूल प्रमुखों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

