भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ के भिलाई में साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना सुपेला, पुरानी भिलाई और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने 8 खाताधारकों के विरुद्ध कार्रवाई की है।
एजेंटों के जरिए खाते कराए गए उपलब्ध
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, कुछ लोगों ने एजेंटों के माध्यम से अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम, चेकबुक और मोबाइल सिम दूसरे लोगों को उपलब्ध कराए थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने और उसके असली स्रोत को छिपाने के लिए किया जा रहा था।
दो थाना क्षेत्रों में कार्रवाई
जांच में संबंधित बैंक खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन सामने आए हैं। पुलिस ने सुपेला थाना क्षेत्र में AU बैंक के 3 और पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में बैंक ऑफ इंडिया के 5 खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की है। आरोपियों के कब्जे से पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

