रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भिलाई के खुर्सीपार में 154 करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने दो सड़क निर्माण कार्यों के लिए 27 करोड़ रुपये और भिलाई में ऑडिटोरियम व इंडोर स्टेडियम बनाने की घोषणा की।
तीन साल में 886 करोड़ जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में भिलाई नगर निगम के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। वहीं बीएसपी टाउनशिप के रिटेंशन आवास का किराया घटाकर 6 रुपये करने के फैसले से हजारों परिवारों को राहत मिली है।

चिटफंड निवेशकों को लौटाई राशि
कार्यक्रम में यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3 हजार निवेशकों को 3 करोड़ 16 लाख रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी सहायता और प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

