रायपुर। लंबे अंतराल के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एक बार फिर जनदर्शन के जरिए प्रदेश की जनता से सीधे संवाद करेंगे। 26 नवंबर को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस कार्यक्रम में आम नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे मुख्यमंत्री के सामने रख सकेंगे।
सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक चलेगा जनदर्शन
जनदर्शन का आयोजन सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों को देंगे निर्देश
मुख्यमंत्री साय लोगों की शिकायतें और मांगें सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश देंगे। लंबे समय बाद हो रहे इस जनदर्शन से प्रदेशवासियों को अपनी बात सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

