रायपुर। बेमौसम बारिश के चलते तय तारीख पर धान उपार्जन केंद्र नहीं पहुंच पाने वाले किसानों को राहत दी गई है। ऐसे किसानों को दोबारा टोकन जारी कर धान बेचने का मौका मिलेगा।
पहली बार टोकन रद्द होने पर राहत
मार्कफेड के एमडी जितेंद्र शुक्ला के मुताबिक, बारिश, फसल कटाई में देरी या तकनीकी परेशानी के कारण टोकन निरस्त होने पर किसान दोबारा टोकन ले सकते हैं। इसके लिए संबंधित धान खरीदी केंद्र, सहकारी समिति, जिला खाद्य कार्यालय या ‘तुहर टोकन’ ऐप से संपर्क करना होगा।
दूसरी बार टोकन रद्द हुआ तो घटेगा मौका
किसानों को बार-बार टोकन निरस्त कराने से बचना होगा। पहली बार टोकन रद्द होने पर दोबारा मौका मिलेगा, लेकिन दूसरी बार निरस्त होने पर अधिकतम टोकन सीमा में से एक अवसर कम हो जाएगा। लघु एवं सीमांत किसानों के लिए दो और बड़े किसानों के लिए तीन टोकन की सीमा तय है।
निर्धारित तारीख पर धान लाना जरूरी
किसानों को टोकन में दर्ज तारीख पर ही धान लेकर केंद्र पहुंचना होगा। तय समय पर धान नहीं लाने या निर्धारित मात्रा से कम धान लाने पर खरीदी के नियम लागू होंगे।

