रायपुर, 11 सितम्बर। Congress Politics: छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर परिवार और पार्टी की सियासत चर्चा में आ गई है। सतनामी समाज के प्रमुख धर्मगुरु गुरु बालदास के बड़े पुत्र ढाल दास कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस की सदस्यता ली।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ढाल दास को कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रदेश की राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
परिवार के राजनीतिक समीकरण पर चर्चा
ढाल दास का कांग्रेस में प्रवेश इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उनका परिवार सामाजिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर प्रभाव रखता है। गुरु बालदास का सतनामी समाज में प्रभाव माना जाता है, वहीं उनके छोटे भाई खुशवंत साहब वर्तमान में भाजपा सरकार में मंत्री हैं।
ऐसे में परिवार के वरिष्ठ सदस्य का कांग्रेस में शामिल होना प्रदेश की राजनीति में अहम घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है। अब नजर इस बात पर है कि ढाल दास के कांग्रेस में आने का सतनामी समाज और छत्तीसगढ़ की राजनीति पर कितना असर पड़ता है।

