जांजगीर-चांपा। जिले में परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर और भाजपा नेत्री संतोषी दुबे पर नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख रुपये लेने का आरोप लगा है। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने उनकी काउंसलर पद पर नियुक्ति तत्काल रद्द कर दी है। वहीं, मामले की जांच DSP को सौंपी गई है।
पांच लाख रुपये लेने का आरोप
कोरबा निवासी पारस जैन ने SP कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि संतोषी दुबे ने एनजीओ के माध्यम से पांच अलग-अलग जगहों पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके एवज में 1.50 लाख रुपये संतोषी दुबे को चेक से और 3.50 लाख रुपये उनके सहयोगी को दिए गए। शिकायतकर्ता का दावा है कि पैसे देने के बाद भी नौकरी नहीं मिली और रकम वापस नहीं की गई।
नियुक्ति रद्द, जांच जारी
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए SP ने महिला थाना परिसर स्थित परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर के पद पर संतोषी दुबे की नियुक्ति रद्द कर दी है। आरोपों की जांच परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी और अजाक थाना के DSP को सौंपी गई है। पुलिस अब शिकायत और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।

