कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के ग्राम चिचाड़ी में पुरानी रंजिश के चलते एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। शीतला मंदिर के पास सड़क किनारे मंगौ वट्टी का शव खून से लथपथ हालत में मिला। मामले में पुलिस ने आरोपी विकास मरकाम को गिरफ्तार किया है।
टूल्लू पंप चोरी को लेकर थी रंजिश
पुलिस के मुताबिक, टूल्लू पंप चोरी के पुराने मामले में मृतक गांव की बैठकों में आरोपी का नाम लेता था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने 8 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे बुजुर्ग के साथ मारपीट की और पत्थर से सिर पर तीन-चार वार कर दिए, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
9 नवंबर की सुबह मृतक के बेटे ने सड़क किनारे शव देखा और पुलिस को सूचना दी। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से जांच के बाद पुलिस ने 10 नवंबर को विकास मरकाम को गिरफ्तार कर बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया।

