चक्रधरपुर। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में महज 500 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक महिला की हत्या कर दी गई। सोनुआ थाना क्षेत्र के हाड़ीमारा गांव में आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीटकर जिंगी बांकिरा की जान ले ली। मामले में पुलिस ने एक महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
500 रुपये के विवाद में हुआ हमला
पुलिस के मुताबिक, मृतका और आरोपियों के बीच 500 रुपये के लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज शुरू हो गई और आरोपियों ने महिला पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई।
एक ही परिवार के हैं सभी आरोपी
एएसपी सह एसडीपीओ मो. सैयद मुस्तफा हाशमी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी एक ही परिवार के सदस्य और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

