Jagannath Rath Yatra: रायपुर में आज निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा… सोने की झाड़ू से होगी रथ मार्ग की सफाई

Jagannath Rath Yatra: रायपुर में आज निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा… सोने की झाड़ू से होगी रथ मार्ग की सफाई

रायपुर, 16 जुलाई| Jagannath Rath Yatra: भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के अवसर पर गुरुवार को रायपुर समेत प्रदेशभर के प्रमुख जगन्नाथ मंदिरों से भव्य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और आयोजकों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में रथयात्रा के लिए अलग-अलग रूट और समय निर्धारित किए गए हैं।

रायपुर की रथयात्रा की सबसे खास परंपरा ‘छेरापहरा’ है। इस परंपरा के तहत महाप्रभु के रथ के आगे मार्ग की सफाई साधारण झाड़ू से नहीं, बल्कि करीब सवा किलो वजनी दो सोने की झाड़ुओं से की जाती है। एक झाड़ू राज्यपाल और दूसरी मुख्यमंत्री के हाथ में होती है। ये दोनों झाड़ू पूरे वर्ष तिजोरी में सुरक्षित रखी जाती हैं और केवल रथयात्रा के दिन ही बाहर निकाली जाती हैं।

रथयात्रा से पहले शहर के जगन्नाथ मंदिरों को फूलों और पारंपरिक सजावट से आकर्षक रूप दिया गया है। गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में ओडिशा से आए कलाकारों ने पुरी शैली की पेंटिंग और धार्मिक अलंकरण से मंदिर और रथों को सजाया है। वहीं, रथयात्रा के धार्मिक अनुष्ठानों को विधि-विधान से संपन्न कराने के लिए ओडिशा से पुजारियों को भी आमंत्रित किया गया है।

रायपुर की पुरानी बस्ती स्थित टुरी-हटरी जगन्नाथ मंदिर करीब 500 वर्ष पुराना माना जाता है। पहले इसे साहूकार मंदिर के नाम से जाना जाता था। समय के साथ यहां भगवान जगन्नाथ की आराधना शुरू हुई और यह मंदिर शहर की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया। मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ के अलावा श्रीराम दरबार, शिव मंदिर, संतोषी माता, गरुड़ मंदिर और संकटमोचन हनुमान मंदिर भी स्थित हैं।

रथयात्रा के दौरान शहर के कई मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे रथयात्रा के निर्धारित रूट की जानकारी लेकर ही यात्रा करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

Religion राज्य खबर