रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होने धरमजयगढ़ रवाना हुए। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहे।
कांग्रेस के आरोपों पर सीएम का पलटवार
जनजातीय गौरव दिवस को कांग्रेस द्वारा भाजपा का ढोंग बताए जाने पर मुख्यमंत्री साय ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हल्की बातें करते हैं। आजादी के बाद लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन आदिवासियों की स्थिति अच्छी नहीं थी। कांग्रेस नेताओं को आदिवासी क्षेत्रों में जाकर देखना चाहिए कि भाजपा सरकार ने वहां कितना विकास किया है।
अरुण साव ने दी बिरसा मुंडा जयंती की बधाई
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। आज पूरा देश यह दिवस मना रहा है। धरमजयगढ़ में विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया है और राज्य सरकार भी तीन दिवसीय आयोजन कर रही है।
धान खरीदी और छठ पर्व पर भी बोले साव
अरुण साव ने कहा कि आज से प्रदेश में धान खरीदी शुरू हो रही है। सरकार ने किसानों के लिए पुख्ता व्यवस्था की है और खरीदी सुचारू रूप से होगी। वहीं, उन्होंने छठ महापर्व को आस्था और संस्कृति का पर्व बताते हुए सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।

