जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ ब्लॉक के सिउड़ गांव में धान खरीदी केंद्र के पास अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम के सामने एक महिला ने जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या की कोशिश की। महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
50 हजार रुपये मांगने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, विजय कुमारी धीवर अपनी बेटी के साथ धान खरीदी केंद्र के पास झोपड़ीनुमा मकान में रहती है। महिला का आरोप है कि मकान नहीं तोड़ने के एवज में केंद्र प्रबंधक, उपसरपंच और एक अन्य व्यक्ति ने उससे 50 हजार रुपये मांगे थे।
कार्रवाई रोककर लौटी टीम
बुधवार को केंद्र प्रबंधक और उपसरपंच जेसीबी लेकर मकान तोड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान महिला ने जहर पी लिया। सूचना पर तहसीलदार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन महिला की हालत देखकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोक दी गई।
पुलिस ने अस्पताल में महिला का बयान दर्ज किया है। वहीं, मामले में धान खरीदी केंद्र के आसपास अन्य अतिक्रमण और खुले में रखे लाखों रुपये के बारदाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

