कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार आलू लदे ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 20 बच्चे घायल हो गए।
टॉयलेट के लिए रोकी थी बस
जानकारी के मुताबिक, कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस में 50 बच्चे और 6 शिक्षक सवार थे। सभी पिकनिक मनाने कन्नौज जा रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे ठठिया थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 210 के पास ड्राइवर ने बच्चों के टॉयलेट जाने के लिए बस सड़क किनारे रोक दी थी।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
इसी दौरान आगरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई बच्चे अंदर फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और बचाव टीम ने राहगीरों की मदद से बच्चों को बाहर निकाला।
हादसे में चार बच्चों की जान चली गई, जबकि 20 घायल बच्चों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

