रायपुर। महाराष्ट्र के सोलापुर में बंधक जैसी परिस्थितियों में काम कर रहे छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को जिला प्रशासन की मदद से सुरक्षित वापस लाया गया है। इनमें 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल हैं। सबसे अधिक 35 श्रमिक सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के हैं, जबकि जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती के 2 श्रमिक भी शामिल हैं।
रोजगार का झांसा देकर ले गए थे महाराष्ट्र
श्रमिकों को गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग के काम के लिए रोजगार, भोजन और आवास का भरोसा देकर महाराष्ट्र ले जाया गया था। वहां उनसे सुबह से रात 9 बजे तक काम कराया जाता था, लेकिन नियमित मजदूरी नहीं दी जा रही थी। बीमार होने पर भी काम कराने और मारपीट की शिकायत सामने आई थी।
प्रशासन की टीम ने कराई वापसी
एक श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत कर मदद मांगी थी। इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर 14 नवंबर को श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम सोलापुर पहुंची। जांच में बंधक जैसी परिस्थितियों में काम कराने की पुष्टि हुई, जिसके बाद सभी 40 श्रमिकों को सुरक्षित वापस लाया गया।

