रायपुर, 11 सितम्बर। CG Waqf Board Appeal: छत्तीसगढ़ में नवरात्रि से पहले गरबा आयोजनों को लेकर सियासत गरमा गई है। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने मुस्लिम समाज के लोगों से नवरात्रि के दौरान होने वाले गरबा आयोजनों और गरबा पंडालों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने कहा कि गरबा केवल नृत्य का आयोजन नहीं है, बल्कि धार्मिक परंपरा और मां दुर्गा की पूजा से जुड़ा कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को गरबा आयोजनों की धार्मिक भावनाओं और परंपराओं का सम्मान करना चाहिए।
सलीम राज ने कहा कि अगर मुस्लिम समाज का कोई व्यक्ति गरबा पंडाल में जाता है, तो उसे वहां की धार्मिक परंपराओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने गरबा को केवल मनोरंजन या डांस का कार्यक्रम न मानकर धार्मिक आस्था से जुड़ा आयोजन बताया।
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने विश्व हिंदू परिषद की ओर से गरबा को लेकर कही गई बात का भी समर्थन किया और कहा कि गरबा में शामिल होने वाले सभी लोगों को वहां की धार्मिक परंपराओं का सम्मान करना चाहिए।
मंत्री टंक राम वर्मा ने कही सामाजिक समरसता की बात
वक्फ बोर्ड की अपील पर मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है। उन्होंने सभी लोगों से एक-दूसरे के धर्म और संस्कृति का सम्मान करने की अपील की। मंत्री ने कहा कि अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों का सम्मान करना ही सामाजिक समरसता की भावना है।

