रायपुर। मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं से निपटने के लिए कानूनों का सख्ती से पालन, प्रशासन की सक्रियता और समाज की भागीदारी जरूरी है। घरेलू हिंसा को सामान्य घटना समझकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। यह बात राज्यपाल रमेन डेका ने कही।
कानून के साथ समाज की भागीदारी जरूरी
राज्यपाल रमेन डेका रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषयक प्रशिक्षण कार्यशाला के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी अब मानव अंगों की मांग से भी जुड़ रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे मामलों में संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय होना जरूरी है।
पीड़ितों को न्याय दिलाने पर जोर
उन्होंने घरेलू हिंसा के मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई, पीड़ितों की सहायता और जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग की व्यवस्था पर जोर दिया। साथ ही पुलिस, न्यायपालिका, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक संगठनों और मीडिया से जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

