धरसीवां। सिलतरा स्थित एसकेएस इस्पात एंड पावर लिमिटेड में भाई दूज के दिन हुए हादसे में 23 वर्षीय कर्मचारी जामवंत वर्मा की मौत हो गई। आग में गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
जामवंत अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। घटना से नाराज ग्रामीण बुधवार सुबह फैक्ट्री गेट पर पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा, दोनों बहनों की पढ़ाई और शादी का खर्च तथा माता-पिता के लिए पेंशन की मांग रखी है। प्रबंधन की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। मौके पर पुलिस बल तैनात है।

