रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले दो खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले तोमन कुमार को 51 लाख रुपए और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक हासिल करने वाले अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
नक्सली हमले में पैर गंवाने के बाद भी नहीं मानी हार
बालोद जिले के तोमन कुमार सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में जवान थे। वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में उन्होंने अपना बायां पैर गंवा दिया था। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी शुरू कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया।
शारीरिक चुनौती के बावजूद अभिजीत ने जीता कांस्य
बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा बचपन से क्लब फुट की चुनौती का सामना कर रहे हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने पैरा बैडमिंटन में मेहनत जारी रखी और एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया।
खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देगी सरकार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का संघर्ष और साहस युवाओं के लिए प्रेरणा है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए हरसंभव सहयोग देगी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।

